Home उत्तराखंड सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर चमोली पुलिस ने मनाया राष्ट्रीय...

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर चमोली पुलिस ने मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, एकता और अखंडता की ली शपथ

0
0

भारत के लौह पुरुष, देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को चमोली पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं गौरव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में *पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल महोदय* की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। देशी रियासतों के एकीकरण के माध्यम से एक मजबूत और अखंड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय ने अपने संबोधन में सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता का अर्थ केवल देश की भौगोलिक अखंडता बनाए रखना ही नहीं, बल्कि विविधताओं का सम्मान, सामाजिक सद्भाव, आपसी विश्वास और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता भी है। यही भावनाएं एक मजबूत राष्ट्र की नींव हैं।

*उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधिकारी/कर्मियों को मिला सम्मान*

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के दौरान विशिष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

*पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार* – पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर)।

*उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह* – पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड)।

*मुख्य आरक्षी चंदन सिंह नगरकोटी* – पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर)।

कार्यक्रम के उपरांत पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल ने *पुलिस लाइन, आवासीय परिसर एवं पुलिस कार्यालय का निरीक्षण* किया। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस कार्यालय सभागार में पुलिस बल का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पुलिस उपमहानिरीक्षक ने *पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में होना अपने आप में गौरव और आत्मसम्मान का विषय है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्य पर गर्व होना चाहिए और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ अपना योगदान देना चाहिए।* उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा और आमजन के विश्वास को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।