चमोली जनपद में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पीपलकोटी के पास भनेर पानी क्षेत्र में एक चलती बस पर पहाड़ी से विशाल पत्थर गिरने से एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण भनेर पानी के पास राजमार्ग पर मलबा और पत्थर आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। प्रशासन और बीआरओ की टीमों ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर वाहनों को रोक दिया था। कई घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही मार्ग खुलने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई, अचानक पहाड़ी से एक विशाल पत्थर नीचे आ गिरा और एक बस से टकरा गया। पत्थर की चपेट में आने से बस में सवार एक महिला यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया की आज 8 बजे लगभग स्थान भनेरपानी पीपलकोटी चमोली में बद्रीनाथ जाते समय यात्रियों का वाहन संख्या UK04PA -0413 बस जिसमें 30-32 सवारी बैठे थे ऊपर से बोल्डर आने से 03 व्यक्ति घायल 1- रेनू किरोड़ीवाल पुत्री दीवान चंद्र निवासी नवादा गली नंबर 13 मटियाल एक्सटेंशन उत्तम नगर दिल्ली उम्र 26 वर्ष 2- पप्पू मिश्रा निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश 3- तन्नू छेत्री निवासी सेक्टर 3 लक्ष्मण विहार गुड़गांव घायल हो गए थे। जिनको प्राथमिक उपचार हेतु विवेकानंद हॉस्पिटल पीपलकोटी लाया गया जहां उपचार के दौरान 1- रेनू उम्र -26 वर्ष उपरोक्त की मृत्यु हो गई है तथा 2-पप्पू मिश्रा की हालत गंभीर है जिनको जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है तथा तन्नू उपरोक्त को हल्की छोटे आई है जिनको प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है बाकि अन्य यात्री सुरक्षित हैं ।
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यात्रियों से मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।








