Home उत्तराखंड लगातार बारिश से चमोली में जनजीवन प्रभावित, बिरही–निजमुला मोटर मार्ग सेंजीधार के...

लगातार बारिश से चमोली में जनजीवन प्रभावित, बिरही–निजमुला मोटर मार्ग सेंजीधार के पास मलबा आने से बंद

1
0

चमोली। जनपद चमोली में देर रात से लगातार हो रही बारिश का असर अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। भारी वर्षा के चलते कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं। विकासखंड दशोली की निजमुला घाटी के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला बिरही–निजमुला मोटर मार्ग सेंजीधार के पास भारी मलबा और बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया है।
मार्ग बंद होने से गौंडा, गाड़ी, निजमुला, सैनजी, ईरानी पाणा और पगना सहित कई गांवों के ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोग सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को दे दी गई है।
बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों के संपर्क मार्ग बंद होने से ग्रामीणों की परेशानियां कई गुना बढ़ जाती हैं। विशेषकर बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल या अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हालांकि पहाड़ के लोगों के लिए यह स्थिति नई नहीं है, फिर भी हर मानसून में ऐसे हालात जनजीवन को चुनौतीपूर्ण बना देते हैं।
प्रशासन का कहना है कि संबंधित विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है और जल्द से जल्द मार्ग से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।