Home ब्रेकिंग न्यूज़ नारायणबगड़ में बड़ा हादसा: बरसाती नाले का पुस्ता गिरने से प्रभारी चिकित्सा...

नारायणबगड़ में बड़ा हादसा: बरसाती नाले का पुस्ता गिरने से प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मौत

7
0

चमोली,
जनपद चमोली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्वास्थ्य केंद्र के पीछे स्थित बरसाती नाले का पुस्ता अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मलबे से निकालकर उपचार के लिए हायर सेंटर अस्पताल पहुंचाया गया, इस दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
डॉ. नवीन चंद्र डिमरी जनपद चमोली के गोपेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम गंगोलगांव के निवासी थे और वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य चलाकर उन्हें मलबे से बाहर निकाला, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
डॉ. डिमरी के निधन की खबर से स्वास्थ्य विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में जर्जर पुस्तों, सुरक्षा दीवारों और बरसाती नालों की स्थिति की तत्काल जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, डॉ. नवीन चंद्र डिमरी के निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।