श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप बनेंगे आधुनिक घाट
श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पारंपरिक ढोल-दमाऊं और पुष्पवर्षा के साथ स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और लोकसंस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने तथा नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के साथ धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण प्रगति पर है। इसके साथ ही पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। वहीं नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने, महिलाओं के सशक्तीकरण और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दे रही है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय भी लिया गया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








