Home उत्तराखंड मसूरी को मिली ₹17.80 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी...

मसूरी को मिली ₹17.80 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण व शिलान्यास

2
0

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में ₹17 करोड़ 80 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम दौर की ओर बढ़ रहा है और प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल व आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि मसूरी देश के प्रमुख पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है। सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए सैन्य धाम निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण तथा जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मालदेवता-सिल्ला-मोलधार-सुआखोली मार्ग के सुदृढ़ीकरण, सोलाह गांव के विद्युतीकरण और सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य भी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना रुके और बिना थके अपने सभी वादों को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर सुशासन को मजबूत किया है। उनके अनुसार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहल से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और मातृशक्ति पूरी तरह आत्मनिर्भर बने।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इस अवसर पर ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।