चमोली, 04 अगस्त। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड दशोली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सगर में संचालित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुनवाई प्रक्रिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, उनके निस्तारण की प्रगति तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
उन्होंने बताया कि एसआईआर के दूसरे चरण में जिन मतदाताओं के नाम अभी तक मैप नहीं हो पाए हैं अथवा जिनके विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, उनके लिए जनपद में कैंप मोड में सुनवाई की जा रही है। बीएलओ, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर त्रुटियों का तत्काल निराकरण कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाए। साथ ही सभी सुनवाई केंद्रों पर पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जिनके नाम अभी तक मैप नहीं हुए हैं अथवा जिनके विवरण में कोई त्रुटि है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित सुनवाई केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करें, ताकि उनके दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








