Home उत्तराखंड सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, देहरादून के 100 वार्डों में 50 सेक्टर...

सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, देहरादून के 100 वार्डों में 50 सेक्टर अधिकारी तैनात

1
0

देहरादून। सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए देहरादून जनपद में व्यापक अभियान शुरू किया जा रहा है। उच्च न्यायालय नैनीताल और आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की है। अधिकारी प्लास्टिक प्रतिबंध के साथ स्वच्छता अभियान की भी नियमित निगरानी करेंगे।
अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादों के विनिर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक निर्माण करने वाली फैक्ट्रियों और उद्योगों का भी विशेष निरीक्षण किया जाएगा। सेक्टर अधिकारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।
उच्च न्यायालय के निर्देश पर संयुक्त आयुक्त (विवेचना/प्रवर्तन), राज्य कर, देहरादून को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वह नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत और जिला पंचायत के साथ समन्वय कर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएंगे।
विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी और सेलाकुई में संबंधित नगर निकायों को अपने क्षेत्रों में अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में नगर आयुक्त नोडल अधिकारी होंगे। यहां प्लास्टिक प्रतिबंध के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
अभियान के तहत गंदगी वाले स्थानों की सफाई कराकर सफाई से पहले और बाद के गूगल फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सेक्टर अधिकारियों को आवंटित वार्डों का नियमित भ्रमण कर प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई की रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक और जनजागरूकता सुनिश्चित करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी अभियान में सहयोग करेंगे।
प्रशासन ने सभी नोडल, सह-नोडल और सेक्टर अधिकारियों को प्रतिदिन जनजागरूकता एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।