Home उत्तराखंड जनता दरबार में 33 शिकायतें दर्ज, 18 का मौके पर निस्तारण

जनता दरबार में 33 शिकायतें दर्ज, 18 का मौके पर निस्तारण

0
0

चमोली। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों और फरियादियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा दीवार निर्माण और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान समेत कुल 33 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। सीडीओ ने विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याएं सुनीं और 18 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।
अवशेष शिकायतों के संबंध में सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम सभा गौंणा के गजेन्द्र रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज गौंणा में शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि विद्यालय में धारकुमाला, दुर्मी और पगना जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से भी विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं, जबकि विद्यालय में शिक्षकों के पांच पद रिक्त हैं। वहीं नंदानगर के ग्रामीणों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नंदानगर में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग रखी।
नगर पालिका परिषद चमोली के सदस्य दीपक बिष्ट ने जिला अस्पताल गोपेश्वर में चिकित्सकों के रिक्त पदों का मामला उठाया। उन्होंने बाल रोग, नेत्र रोग और ईएनटी विशेषज्ञों की नियुक्ति तत्काल किए जाने की मांग की।
इसके अलावा ग्राम सकण्ड के ग्रामीणों ने गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने, जबकि खोड़ मलाना के ग्रामीणों ने कृषि भूमि को जंगली जानवरों से बचाने के लिए वायर फेंसिंग कराने की मांग रखी।
सीडीओ ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम चमोली राजकुमार पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।