Home उत्तराखंड पंज प्यारों की अग़वाई मे पहला जथा रवाना, कल खुलेंगे हेमकुण्ड...

पंज प्यारों की अग़वाई मे पहला जथा रवाना, कल खुलेंगे हेमकुण्ड साहिब के कपाट

3
0

श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा 2026: पंचप्यारों की अगुवाई में निशान एवं पूर्ण पुलिस सुरक्षा के साथ सिक्ख श्रद्धालुओं का पहला जत्था श्री हेमकुण्ड साहिब के लिए हुआ रवाना

पंच प्यारों की अगुवाई, पावन निशान साहिब की अगाध श्रद्धा और बैण्ड-बाजों की मधुर धुनों के बीच सिक्ख श्रद्धालुओं का पहला जत्था आज गुरुद्वारा गोविन्दघाट से पवित्र हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ।

धार्मिक उल्लास और आस्था से सराबोर इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना गोविन्दघाट, जहां श्रद्धालुओं ने “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के गगनभेदी जयकारों के साथ अपनी कठिन लेकिन आध्यात्मिक यात्रा का शुभारम्भ किया। प्रथम जत्थे की अगुवाई पावन पंच प्यारों द्वारा की गई, जो सिक्ख परंपरा में श्रद्धा, सेवा और साहस के प्रतीक माने जाते हैं।

यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और चमोली पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सम्पूर्ण यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है तथा प्रथम जत्थे के साथ विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में अपनी यात्रा पूर्ण कर सके।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहला जत्था आज रात्रि घांघरिया स्थित गुरुद्वारे में विश्राम करेगा। इसके उपरांत कल प्रातः 23 मई 2026 को श्रद्धालु अंतिम पड़ाव की ओर प्रस्थान करेंगे।

परंपरानुसार, प्रथम जत्थे के पवित्र धाम पहुंचने के बाद विधि-विधान एवं अरदास के साथ हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ आधिकारिक रूप से खोल दिए जाएंगे।