चमोली। कांग्रेस पार्टी ने चमोली में आयोजित पत्रकार वार्ता में पेपर लीक मामलों एवं कर्णप्रयाग में निहंग सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान पार्टी नेताओं ने छात्र हितों, रोजगार और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिमरी ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ देशभर में छात्रों के हित में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकारी भर्तियां समय पर निकाली जाएं, निर्धारित समय सीमा में परीक्षाएं संपन्न कराई जाएं तथा भर्ती परीक्षाओं में सक्रिय माफिया तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेता डॉ. जीत राम ने कहा कि शिक्षा के बाद युवाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता है। उनका आरोप था कि अब तक हुए कई पेपर लीक मामलों में सरकार या सरकार से जुड़े लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश नेगी ने कर्णप्रयाग प्रकरण पर कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन कुछ लोगों द्वारा इसे सांप्रदायिक रंग देकर उत्तराखंड और पंजाब के बीच का विवाद बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान देश के हर कोने से श्रद्धालु पहुंचते हैं और प्रदेश की संस्कृति “अतिथि देवो भव” की भावना पर आधारित है। इसलिए सरकार को इस मामले में नियमों और कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में विपिन फरसवान, योगेंद्र सिंह, गोबिंद सजवाण, कुंवर सिंह भंडारी, आनंद सिंह पंवार, मुकुल बिष्ट, संदीप झींकवान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








