Home उत्तराखंड देवग्राम के 27 परिवारों का होगा सुरक्षित पुनर्वास, 1.21 करोड़ का प्रस्ताव...

देवग्राम के 27 परिवारों का होगा सुरक्षित पुनर्वास, 1.21 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा

3
0

ज्योतिर्मठ। देवग्राम के 27 प्रभावित परिवारों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित पुनर्वास की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक में देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन से संबंधित प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने प्रस्ताव को संस्तुति के लिए शासन को भेजने पर सहमति जताई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि प्रभावित परिवारों के विस्थापन के लिए 1 करोड़ 21 लाख 25 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें विस्थापित परिवारों के भवन निर्माण, पशुओं के लिए गौशाला, विस्थापन भत्ता तथा पुनर्वास स्थल पर ग्रामीण काश्तकारों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए सहायता समेत अन्य आवश्यक मद शामिल हैं।
देवग्राम में पूर्व में दो बार भू-वैज्ञानिक जांच भी कराई जा चुकी है। इसके अलावा तहसील स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने सहित विस्थापन से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्ताव से संबंधित सभी अभिलेख और औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर इसे शासन को भेजा जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास की कार्रवाई को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।