Home उत्तराखंड बनाला में हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट का ओवरफ्लो, सड़क क्षतिग्रस्त

बनाला में हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट का ओवरफ्लो, सड़क क्षतिग्रस्त

11
0

चमोली। जनपद के कांडई पुल के समीप बनाला क्षेत्र में हीम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट में ओवरफ्लो होने से कई टन पानी बाहर निकलने की घटना सामने आई है। पानी के तेज बहाव के चलते आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, पानी की तेज धार से आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाली सड़क को भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है।


बताया जा रहा है कि पावर प्रोजेक्ट से निकले पानी का बहाव इतना तेज था कि सड़क के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर मामला बताया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पावर प्रोजेक्ट में ओवरफ्लो की स्थिति पहले भी सामने आ चुकी है और इसके चलते नुकसान हुआ था। इसके बावजूद ऐसी घटना की पुनरावृत्ति होने से परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले की जांच कराने, सड़क को हुए नुकसान का आकलन करने तथा पावर प्रोजेक्ट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।