Home उत्तराखंड प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन...

प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन के निर्देश

1
0

देहरादून। प्रमुख सचिव आरके सुधांशु की अध्यक्षता में सचिवालय में प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियों को लेकर गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रमुख सचिव ने सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की ऐसी विशिष्ट पहचान बनाई जाए, जिससे अधिक से अधिक प्रवासी उत्तराखण्डी इससे जुड़ सकें। इसके लिए देश के विभिन्न प्रांतों और शहरों में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर आमंत्रित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया जाए, ताकि राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों और योगदान का लाभ लिया जा सके।
बैठक में जानकारी दी गई कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने और तीन से चार दिन के भीतर तैयारियों की प्रगति की जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर आमंत्रित अतिथियों को चिह्नित करने के साथ उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सम्मेलन के उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण भी किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी दी जाएगी।
प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को पत्र जारी कर आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह, सदस्य उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।