Home एक नज़र में विधानसभा सत्र और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने की समीक्षा,...

विधानसभा सत्र और त्योहारों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

1
0

भराड़ीसैंण में सुरक्षा, यातायात और पुलिस बल की व्यवस्था समय से पूरी करने पर जोर, त्योहारों में बढ़ेगी गश्त और चेकिंग
चमोली। आगामी विधानसभा सत्र और त्योहारी सीजन के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गुरुवार को जनपद के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रस्तावित विधानसभा सत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।
एसपी ने निर्देश दिए कि विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। पुलिस बल के ठहरने, संचार व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा प्रबंधों को लेकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि सत्र के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने अतिसंवेदनशील और संवेदनशील ड्यूटी स्थलों को चिह्नित करने के साथ वॉच टावर, बैरियर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्थानीय अभिसूचना इकाई को विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रस्तावित जुलूस, प्रदर्शनों और जनहित से जुड़े मुद्दों के संबंध में सटीक सूचनाएं एकत्र कर समय से रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
बाहरी पुलिस बल के ठहरने की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
एसपी ने पुलिस आवासीय भवनों में पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानागार और भोजनालय की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बाहरी जनपदों से आने वाले अतिरिक्त पुलिस बल के ठहरने के लिए चिह्नित विद्यालयों और अन्य स्थानों पर मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने तथा व्यवस्थाओं का पूर्व निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
त्योहारों पर बाजारों और धार्मिक स्थलों में बढ़ेगी निगरानी
आगामी दशहरा, रामनवमी, वाल्मीकि जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के मद्देनजर एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों, मंदिरों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील स्थानों की निरंतर निगरानी करने को कहा गया।
त्योहारी सीजन में बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। छुट्टियों के दौरान घरों में ताले लगाकर गांव जाने वाले लोगों के घरों में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रभावी गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और सघन चेकिंग अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने कहा कि विधानसभा सत्र और आगामी आयोजनों के दौरान आमजन की सुरक्षा, यातायात का सुचारु संचालन तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक जितेंद्र जोशी, निरीक्षक अभिसूचना इकाई सूरत चौहान और यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल मौजूद रहे।