आज यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल को एक पर्स मिला, जिसमें ₹2,100 की नकदी, आधार कार्ड एवं आयकर संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। पर्स में मौजूद दस्तावेजों को देखकर उसके स्वामी तक पहुंचने के लिए उन्होंने तत्परता दिखाई।
यातायात निरीक्षक द्वारा पर्स में मिले दस्तावेजों पर अंकित विवरण को चालान मशीन में दर्ज कर पर्स स्वामी का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया। इसके बाद उनसे संपर्क कर पर्स मिलने की सूचना दी गई। पर्स राहुल नामक व्यक्ति का होने की पुष्टि होने पर उन्हें मौके पर बुलाया गया तथा नकदी सहित पर्स एवं सभी दस्तावेज सकुशल उनके सुपुर्द कर दिए गए।
अपना खोया हुआ पर्स और उसमें रखे जरूरी दस्तावेज वापस पाकर राहुल ने राहत की सांस ली तथा चमोली पुलिस एवं यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद किया।








