Home उत्तराखंड गौचर भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन सख्त, भवन सील करने...

गौचर भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन सख्त, भवन सील करने के निर्देश

5
0

चमोली। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण के मामलों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बिरही में गौचर भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण के मामले में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और भवन को तत्काल सील करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश भी जारी किए।
मंगलवार को जिलाधिकारी ने बिरही पहुंचकर निर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर कोई भी व्यक्ति निर्माण कार्य करता हुआ नहीं मिला। गौचर भूमि पर किए जा रहे निर्माण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल भवन सील करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उपजिलाधिकारी चमोली को संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने तथा चालानी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, तहसीलदार दीप्ति शिखा सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।