Home उत्तराखंड रेडक्रॉस स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान, लोगों को स्वच्छता के प्रति किया...

रेडक्रॉस स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान, लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

4
0

गोपेश्वर। भारतीय रेडक्रॉस समिति जिला शाखा चमोली की ओर से मंगलवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में स्वच्छता एवं हाइजीन अभियान चलाया गया। भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड राज्य शाखा के चेयरमैन श्री ओंकार बहुगुणा के निर्देशानुसार विशेष अभियान-6 एवं कायाकल्प गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में रेडक्रॉस और यूथ रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से महाविद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला रेडक्रॉस समिति के सचिव सुरेंद्र सिंह रावत एवं यूथ रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. कुलदीप नेगी ने किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने और खुले में थूकने से बचने के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के माध्यम से आमजन को स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस कोषाध्यक्ष चरण सिंह नेगी, शंकर बिष्ट सहित यूथ रेडक्रॉस के स्वयंसेवक एवं समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।