Home उत्तराखंड दुर्गम रास्ते में बिगड़ी AAIB अधिकारी की तबीयत, पुलिस और SDRF ने...

दुर्गम रास्ते में बिगड़ी AAIB अधिकारी की तबीयत, पुलिस और SDRF ने कंधों पर उठाकर पहुंचाया सुरक्षित स्थान

1
0

चमोली। हेलीकॉप्टर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर लौट रहे विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के एक अधिकारी की दुर्गम रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही चमोली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर अधिकारी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर की रात करीब सात बजे पुलिस कंट्रोल रूम गोपेश्वर को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ लोग एक नवंबर को पाण्डुकेश्वर के रास्ते हेलीकॉप्टर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने गए थे। वापस लौटते समय उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति की अचानक तबीयत खराब हो गई और वह चलने में असमर्थ हो गया।
सूचना पर कोतवाली गोविन्दघाट पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ को सूचित किया। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम बताए गए स्थान के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बीमार व्यक्ति विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के अधिकारी हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम रास्ते के कारण उन्हें पैदल ले जाना संभव नहीं था।
ऐसे में पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने अधिकारी श्री दिनेश डांगी को अपने कंधों पर उठाकर सुरक्षित पाण्डुकेश्वर पहुंचाया। समय पर सूचना मिलने और रेस्क्यू टीम की तत्परता से अधिकारी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सका। वर्तमान में उनका स्वास्थ्य सामान्य बताया गया है।