कपकोट, संवाददाता। पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता हुए उत्तर प्रदेश के शामली निवासी पर्यटक अभिषेक चौहान की तलाश में बागेश्वर पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सात टीमों को लगाया गया है, जो लगातार खोजबीन में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय अभिषेक चौहान 28 मई को ट्रैकिंग के लिए पिंडारी ग्लेशियर गए थे। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिजनों की तहरीर पर पहले गुमशुदगी दर्ज की गई थी। मामले में अग्रिम कार्रवाई करते हुए 12 जून को थाना कपकोट में अज्ञात के खिलाफ धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में गठित सात टीमें पिंडर नदी के किनारे, गहरी खाइयों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन सर्च अभियान चला रही हैं। खोज अभियान में आधुनिक ड्रोन कैमरों और दूरबीनों की भी मदद ली जा रही है।
शनिवार को वाछम पुल से सोराग पुल तक नदी किनारे, प्राकृतिक गुफाओं और संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली गई। वहीं स्थानीय ग्रामीणों, पशुपालकों और ट्रैकिंग गाइडों से भी पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पर्यटक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और सर्च अभियान लगातार जारी रहेगा।








