देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून स्थित द टॉसब्रिज स्कूल में आयोजित संस्कार दिवस एवं स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन, ईमानदारी और जीवन मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक और व्यावसायिक सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक अच्छा इंसान बनाना भी है। आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं का ज्ञान भी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान व्यक्ति को आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है, जबकि संस्कार उसे सही दिशा प्रदान करते हैं। विद्यालय के ध्येय वाक्य ‘ज्ञानं भारः क्रियां बिना’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कर्म के बिना ज्ञान अधूरा है। ज्ञान की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका उपयोग समाज और राष्ट्र के हित में किया जाए।
उन्होंने विद्यार्थियों को पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बड़े सपने देखने के साथ उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प जरूरी है। विद्यार्थियों को डॉ. कलाम की आत्मकथा ‘विंग्स ऑफ फायर’ पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना पर आधारित है। बड़ों का सम्मान, विविधताओं को स्वीकार करना और जरूरतमंदों की सहायता करना हमारे संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक, नवाचार और आधुनिक विज्ञान के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को आधुनिक ज्ञान के साथ योग, ध्यान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को भी अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल और रचनात्मकता पर विशेष जोर दिया गया है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर रोजगार सृजन में योगदान दे सकें।
पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से 35 हजार युवाओं को नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और निरंतर सीखने की इच्छा ही सफलता का वास्तविक आधार हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षित, संस्कारित, कुशल और आत्मनिर्भर युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टॉसब्रिज स्कूल के विद्यार्थी अपने ज्ञान, प्रतिभा और संस्कारों के बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
समारोह में विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशासन से जुड़े पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








