Home Uncategorized जिला प्रशासन और पुलिस ने मनाया सद्भावना दिवस

जिला प्रशासन और पुलिस ने मनाया सद्भावना दिवस

40
0

अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकीकरण और साम्प्रदायिक सौहार्द स्थापित करने की शपथ

गोपेश्वर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के जन्म दिवस को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। सदभावना दिवस के मौके पर प्रभारी जिलाधिकारी एमएस बर्निया ने क्लेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों को सभी धर्मो, भाषाओं और क्षेत्रों के लोगों में राष्ट्रीय एकीकरण और साम्प्रदायिक सौहार्द लाते हुए हिंसा को समाप्त करने एवं लोगों में सदभावना का संवर्धन करने की शपथ दिलाई। प्रभारी डीएम ने कहा कि हम सबको एक टीम भावना से आगे बढ़ना है और कभी भी हिंसा का सहारा नहीं लेना है। उन्होने कहा कि एकता व सदभाव से ही कार्यशैली में सुधार आता है। विभागों में सभी विभागध्यक्षों ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने व आपसी सदभावना को बरकार रखने की शपथ दिलाई।
वहीं दूसरी ओर सद्भावना दिवस के मौके पर पुलिस विभाग की ओर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साथ ही जिले के थाने और चौकियों में शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रीय एकीकरण और साम्प्रदायिक सौहार्द से सम्बन्धित सद्भावना की शपथ ली। पुलिस अधीक्षक यशवंत चौहान ने कहा कि जनता से सहयोग के लिये पुलिस अधिकारियों और जवानों को मृदु व्यवहार के साथ संपर्क बनाने की बात कही। वहीं कानून व्यवस्था बनाये रखने में समाज के सभी वर्गों का सहयोग लेने के निर्देश दिये। वीरवार को जिले के गोपेश्वर, कर्णप्रयाग, जोशीमठ, चमोली, गैरसैंण सहित सभी थानों व चौकियों में शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।