Home उत्तराखंड विद्यालय में मनाया गया गढ़भोज,छात्रों को दी गई पारंपरिक भोजन की जानकारी

विद्यालय में मनाया गया गढ़भोज,छात्रों को दी गई पारंपरिक भोजन की जानकारी

7
0

रिपोर्ट संजय कण्डाररी
नारायणबगड़। विकासखंड नारायणबगड़ के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेडुला में गढ़भोज दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की खुशबू से माहौल महक उठा। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के साथ ग्रामीणों ने भी मालू के पत्तों पर परोसे गए पारंपरिक पहाड़ी भोजन का स्वाद लिया। गढ़भोज के दौरान भड्डू की दाल,काफली,फाणू,चौंसा,लाल चावल,कोदे की रोटी, कोदे की बाड़ी और झंगोरे की खीर सहित विभिन्न स्थानीय व्यंजन तैयार किए गए।

पारंपरिक तरीके से तैयार इन व्यंजनों का बच्चों और ग्रामीणों ने आनंद लिया तथा उत्तराखंड की समृद्ध खान-पान संस्कृति से परिचित हुए। ग्राम प्रधान बेडुला उर्मिला देवी कंडारी ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक भोजन को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को अपनी खान-पान की संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से गढ़भोज दिवस का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी व्यंजनों में स्थानीय अनाज और पौष्टिक सामग्री का उपयोग होता है,जो स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनिता चंद्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय पारंपरिक भोजन के प्रति जागरूक करने के साथ ही इन व्यंजनों में मौजूद पौष्टिक तत्वों की जानकारी देना भी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय अनाज और पारंपरिक खाद्य पदार्थ हमारी संस्कृति के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष ऊषा नैनवाल,सुशीला देवी, मनोरमा देवी सहित विद्यालय के विद्यार्थी,अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे।