Home उत्तराखंड खेल दिवस पर युवाओं ने दिया नशे से दूर रहने का संदेश,...

खेल दिवस पर युवाओं ने दिया नशे से दूर रहने का संदेश, महिला मंगल दलों ने बिखेरे संस्कृति के रंग

2
0

जोशीमठ। जनपद चमोली के सीमांत विकासखंड जोशीमठ में खेल दिवस के अवसर पर युवाओं की ओर से आयोजित खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का सिलसिला जारी है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ ही महिला मंगल दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सौरभ राणा ने बताया कि वर्तमान समय में युवा लगातार नशे की ओर बढ़ रहे हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति आकर्षित करने के उद्देश्य से जोशीमठ के युवाओं ने युवा खेल समिति का गठन किया है। समिति की ओर से पिछले करीब पांच वर्षों से रविग्राम में खेल प्रतियोगिताओं के साथ महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में विकासखंड के विभिन्न गांवों के युवा और महिला मंगल दल प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
सौरभ राणा ने कहा कि चमोली जनपद के सीमांत क्षेत्र के युवा आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। समिति का प्रयास है कि सीमांत क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराया जाए, ताकि युवा अपनी प्रतिभा को पहचान दिला सकें और खेलों के माध्यम से बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जाएगा।