Home उत्तराखंड जनपदीय क्रॉस कंट्री, अंडर-17 फुटबॉल एवं ओपन बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी दिखाएंगे...

जनपदीय क्रॉस कंट्री, अंडर-17 फुटबॉल एवं ओपन बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभाग

1
0

चमोली
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, चमोली द्वारा 01 एवं 02 अक्टूबर 2026 को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनपद के युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

जिला खेल विभाग द्वारा 01 अक्टूबर 2026 को जनपदीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 08:30 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर से होगा। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिकाएं निर्धारित आयु वर्गों में प्रतिभाग करेंगे।

क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर से पीजी कॉलेज, जीआईसी गोपेश्वर-घिघराण मोटर मार्ग पर निर्धारित स्थलों तक तथा वहां से वापस स्पोर्ट्स स्टेडियम तक किया जाएगा।

बालक वर्ग में अंडर-12 के लिए 02 किमी, अंडर-14 के लिए 03 किमी, अंडर-17 के लिए 05 किमी तथा ओपन वर्ग के लिए 07 किमी दौड़ निर्धारित की गई है। वहीं बालिका वर्ग में अंडर-12 के लिए 02 किमी, अंडर-16 के लिए 03 किमी तथा ओपन वर्ग के लिए 05 किमी दौड़ होगी।

प्रत्येक आयु वर्ग में प्रथम से पंचम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त दौड़ पूरी करने वाले प्रतिभागियों में से प्रत्येक आयु वर्ग के दो खिलाड़ियों का लॉटरी के माध्यम से चयन कर उन्हें भी पुरस्कृत किया जाएगा।

प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों की आयु का निर्धारण 31 जुलाई 2026 को आधार मानकर किया जाएगा। खिलाड़ियों का पंजीकरण 01 अक्टूबर को प्रातः 08:00 बजे से 09:30 बजे तक किया जाएगा।

गांधी जयंती के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में बालक अंडर-17 फुटबॉल एवं बालक ओपन वर्ग बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।

जिला क्रीड़ाधिकारी मोहित सिंह ने बताया कि अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता 01 अक्टूबर को अपराह्न 02:30 बजे से 02 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी। प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी तथा 3 अतिरिक्त खिलाड़ी शामिल होंगे। वहीं बालक ओपन वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिता भी 01 अक्टूबर को अपराह्न 02:30 बजे से 02 अक्टूबर तक स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी एवं 1 अतिरिक्त खिलाड़ी शामिल होगा।

अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को आयु की पुष्टि के लिए आधार कार्ड एवं जन्मतिथि प्रमाण पत्र की प्रति प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। दोनों प्रतियोगिताओं में आयु सीमा का निर्धारण 31 जुलाई 2026 को आधार मानकर किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जिला क्रीड़ाधिकारी ने जनपद के विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं खेल संस्थाओं से अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की टीमों को प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराने का आह्वान किया है।

फुटबॉल एवं बास्केटबॉल में प्रतिभाग करने वाली टीमों को अपना पंजीकरण/टीम की सूचना 01 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 02:00 बजे तक जिला खेल कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।

जिला खेल विभाग ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों से भी अनुरोध किया है कि वे पात्र बालक-बालिका खिलाड़ियों को निर्धारित आयु वर्ग के अनुसार शारीरिक शिक्षकों की देखरेख में प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए भेजना सुनिश्चित करें।