गोपेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल ने बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनता के बीच अपने मुद्दों को लेकर पहुंच बढ़ाने की बात कही है। दल के वरिष्ठ नेता डॉ. यूएस रावत ने कहा कि उत्तराखंड गठन के 26 वर्षों बाद भी रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे सवाल गंभीर बने हुए हैं। ऐसे में प्रदेश को अपने हक, अधिकार और बेहतर भविष्य के लिए निर्णायक बदलाव की जरूरत है।
डॉ. रावत ने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड क्रांति दल के प्रति जनता का बढ़ता समर्थन बदलाव की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का भविष्य यहां की जनता तय करेगी और युवाओं को रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने स्थानीय युवाओं के लिए 70 प्रतिशत रोजगार की व्यवस्था, पर्यटन के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने और मूल निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग उठाई। इसके साथ ही मूल निवास व्यवस्था को पुनः स्थापित करने और उत्तराखंड की जमीन व प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए मजबूत भू-कानून लागू करने पर जोर दिया।
डॉ. रावत ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाने के साथ पहाड़ों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करना जरूरी है। उन्होंने पलायन रोकने के लिए ठोस नीति बनाने की भी आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के लिए प्रदेश से बाहर जाने को मजबूर न होना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर पर्यटन, स्वरोजगार और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित करने होंगे। उत्तराखंड का भविष्य उत्तराखंड की जनता ही तय करेगी।








