गोपेश्वर, 30 जुलाई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को बद्रीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत निर्माणाधीन बद्रीनाथ अस्पताल की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, शेष कार्यों तथा अस्पताल को शीघ्र संचालित करने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि गेल के वित्तीय सहयोग से लगभग 25.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 45 शैय्यायुक्त आधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है। लगभग 2,244 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस अस्पताल का निर्माण लोक निर्माण विभाग की पीआईयू द्वारा कराया जा रहा है।
अस्पताल भवन को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के अनुरूप बहुमंजिला स्वरूप में विकसित किया गया है। भूतल पर प्रतीक्षालय, प्रशासनिक कक्ष, फार्मेसी, उपयोगिता कक्ष तथा तीन बेड का आपातकालीन वार्ड बनाया गया है। प्रथम तल पर ओपीडी, प्रयोगशाला, एक्स-रे, ईसीजी, फिजियोथेरेपी, कैफेटेरिया एवं प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है। द्वितीय तल पर चार बेड का आईसीयू, आइसोलेशन कक्ष, हाइपरबेरिक एवं हाइपोथर्मिया कक्ष, दो अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर तथा प्री और पोस्ट ऑपरेशन क्षेत्र विकसित किए गए हैं। तृतीय तल पर पुरुष एवं महिला वार्ड, ट्विन शेयरिंग कक्ष, सुइट रूम, उपचार कक्ष और मेडिकल स्टोर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्माण कार्य के अंतिम चरण को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बद्रीनाथ अस्पताल का संचालन अगस्त माह के अंत तक हर हाल में शुरू किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सप्ताहवार कार्ययोजना बनाकर निर्माण, विद्युत, जलापूर्ति, चिकित्सा उपकरणों की स्थापना, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सचिन राणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
Sign in
Welcome! Log into your account
Forgot your password? Get help
Password recovery
Recover your password
A password will be e-mailed to you.








