Home उत्तराखंड उत्तराखंड बना देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य: मुख्यमंत्री धामी ने नव-साक्षरों...

उत्तराखंड बना देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य: मुख्यमंत्री धामी ने नव-साक्षरों को किया सम्मानित

3
0

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्ण साक्षर राज्य बनने के उपलक्ष्य में शासकीय कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले नव-साक्षरों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों, विद्यार्थियों, नव-साक्षरों, स्वयंसेवकों और अभियान से जुड़े सभी लोगों की मेहनत एवं सामूहिक सहभागिता का परिणाम है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों वाले राज्य में पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य हासिल करना प्रदेशवासियों की दृढ़ इच्छाशक्ति और सामूहिक शक्ति का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड ने यह गौरव हासिल किया है। मिजोरम, गोवा, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के बाद उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है।
उन्होंने नव-साक्षरों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने साबित किया है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। शिक्षा व्यक्ति में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ नए अवसरों के द्वार खोलती है। आज साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने और हस्ताक्षर करने तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, अधिकारों-कर्तव्यों की समझ और जीवनोपयोगी कौशल भी इसके महत्वपूर्ण अंग हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश के 500 विद्यालयों में वर्चुअल क्लासरूम और सेंट्रल स्टूडियो की व्यवस्था की जा रही है। वहीं 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री बालाश्रय योजना और विद्यालयों में आधुनिक प्रयोगशालाओं के विकास सहित कई योजनाओं के माध्यम से शिक्षा को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, अपर सचिव भारत सरकार अर्चना शर्मा अवस्थी, सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।