Home ब्रेकिंग न्यूज़ बारिश से कर्णप्रयाग में सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहन मलबे की चपेट...

बारिश से कर्णप्रयाग में सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहन मलबे की चपेट में, कई क्षतिग्रस्त

17
0

चमोली। जिले में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार लगातार बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने से यातायात बाधित है। हालांकि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फिलहाल आवाजाही सुचारू है।
कर्णप्रयाग नगर में सिमली मोटर मार्ग पर रविवार को भारी मलबा आने से सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए। मलबे की चपेट में आने से कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मलबा आने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन को इसकी जानकारी दी। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर मार्ग को आवाजाही के लिए सुचारू किया गया।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई संपर्क मार्ग अभी भी बंद पड़े हैं। जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को बंद सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की टीमें मार्गों को खोलने के लिए कार्य कर रही हैं। वहीं, बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।