Home उत्तराखंड टीआरटी हादसे के मृतक श्रमिकों के आश्रितों को मिलेंगे 45 लाख, घायलों...

टीआरटी हादसे के मृतक श्रमिकों के आश्रितों को मिलेंगे 45 लाख, घायलों को 3.50 लाख रुपये

13
0

चमोली। विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (VPHEP) के टेल रेस टनल (TRT) में 13 अगस्त को हुई अप्रत्याशित आपदा से प्रभावित श्रमिकों के मामले में प्रशासन, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (THDCIL), हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) और हिंदुस्तान जल विद्युत परियोजना निर्माण श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण सहमति बनी है। उप जिलाधिकारी चमोली की अध्यक्षता में हुई संयुक्त वार्ता में मृत श्रमिकों के आश्रितों को विभिन्न स्रोतों से मिलने वाली सहायता को मिलाकर करीब 45 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल श्रमिक को 3.50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने पर सहमति बनी।
वार्ता के दौरान श्रमिक संघ ने हादसे में प्रभावित श्रमिकों और उनके आश्रितों को सम्मानजनक एवं समुचित अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद तय हुआ कि मृत श्रमिकों के संबंधित आश्रितों को विभिन्न स्रोतों से मिलने वाली सहायता एवं अनुग्रह राशि को सम्मिलित करते हुए कुल लगभग 45 लाख रुपये दिए जाएंगे।

जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि
इसमें टीएचडीसीआईएल की ओर से 11.50 लाख रुपये और एचसीसी की ओर से 11.50 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा राज्य सरकार, केंद्र सरकार तथा श्रमिक मुआवजा आदि के तहत मिलने वाली अन्य सहायता राशि भी इसमें शामिल होगी। वहीं, प्रत्येक घायल श्रमिक को विभिन्न स्रोतों से कुल 3.50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने पर सहमति बनी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मृत श्रमिकों के आश्रितों और घायल श्रमिकों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने, उनके सत्यापन तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर अनुग्रह राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
वार्ता सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। इस दौरान श्रमिक संघ ने परियोजना के निर्माण कार्य में पूर्ण सहयोग देने और कार्यों को दोबारा शुरू करने के लिए सहमति जताई।
बैठक में टीएचडीसीआईएल की ओर से अधिशासी निदेशक अजय वर्मा सहित अधिकारी, एचसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद कुमार समेत अन्य अधिकारी तथा हिंदुस्तान जल विद्युत परियोजना निर्माण श्रमिक संघ के महामंत्री सोहन कुमार, उपाध्यक्ष गोपाल सिंह नेगी, सह-सचिव सूरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।