Home उत्तराखंड स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने में भारतीय मानकों की अहम...

स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने में भारतीय मानकों की अहम भूमिका

3
0

देहरादून। विश्व मानक दिवस के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से मोहब्बेवाला स्थित एक होटल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “सतत विकास लक्ष्य–7: सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा” पर केंद्रित कार्यक्रम में उद्योग जगत, औद्योगिक संगठनों, ज्वेलरी क्षेत्र और BIS के लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर सचिव रुचि मोहन रयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। संयुक्त निदेशक, उद्योग विभाग अनुपम द्विवेदी सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA), इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, PHDCCI और UIWA के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकी के उपयोग को बढ़ावा देने में भारतीय मानकों की भूमिका के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। इस दौरान विशेषज्ञों ने स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं।
BIS देहरादून शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत आड़े ने भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने, उद्योगों के लिए अनुपालन में सुगमता बढ़ाने और हॉलमार्किंग व्यवस्था में किए जा रहे नवीनतम सुधारों की जानकारी दी। कार्यक्रम में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में मानकों के महत्व और सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में उनकी भूमिका पर भी जोर दिया गया।