Home उत्तराखंड चमोली की ममता भट्ट को मिला उद्यमिता राज्य सम्मान, सीएम को बांधी...

चमोली की ममता भट्ट को मिला उद्यमिता राज्य सम्मान, सीएम को बांधी हस्तनिर्मित ऐपन राखी

27
0

चमोली। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से चयनित महिलाओं को उनके क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए उद्यमिता राज्य सम्मान से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों चमोली की ममता भट्ट को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ममता भट्ट ने अपने हाथों से तैयार की गई हस्तनिर्मित ऐपन कला की राखी मुख्यमंत्री को बांधी और उनकी लंबी उम्र एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। ममता भट्ट पिछले कई वर्षों से ऐपन कला को बढ़ावा देने के साथ ही इससे जुड़े विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं। उनके द्वारा तैयार किए गए ऐपन कला के उत्पाद लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं।
ममता भट्ट ने ऐपन कला को केवल अपने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इससे क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी जोड़ा है। इसके अलावा वह स्कूल-कॉलेजों में बच्चों को ऐपन कला का प्रशिक्षण देकर उत्तराखंड की लोक कला, संस्कृति और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
ममता भट्ट का कहना है कि पारंपरिक ऐपन कला को रोजगार से जोड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उनके प्रयासों से स्थानीय कला को पहचान मिलने के साथ ही महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं। उद्यमिता राज्य सम्मान मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने भी ममता भट्ट को बधाई दी है।