Home उत्तराखंड गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री धामी...

गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री धामी ने लिया जायजा

1
0

गदरपुर। मुख्यमंत्री ने सोमवार को ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए की जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधों, आवागमन, ठहरने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों तथा एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए बेहद अनुकूल हैं। सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक खेल अवसंरचना के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और वैश्विक मंच पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि यह आयोजन उत्तराखंड की कार्य संस्कृति और आतिथ्य का उत्कृष्ट उदाहरण बन सके।
इस अवसर पर विधायक Arvind Pandey सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।