Home उत्तराखंड गोपेश्वर में भवन निर्माण अनुमति को लेकर लोगों की बढ़ी परेशानी, डीएम...

गोपेश्वर में भवन निर्माण अनुमति को लेकर लोगों की बढ़ी परेशानी, डीएम से समाधान की मांग

13
0

चमोली: जिला विकास प्राधिकरण द्वारा नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत ग्राम गोपेश्वर में भवन निर्माण की अनुमति नहीं दिए जाने तथा पुरातत्व विभाग को जिला विकास प्राधिकरण अधिनियम के अंतर्गत एम्पैनल्ड न किए जाने से स्थानीय नागरिकों को भवन निर्माण की स्वीकृति लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से लंबित इस समस्या के कारण कई निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को जिला अधिकारी के सभागार में अधिकारियों के समक्ष समस्या उठाई गई। बैठक में आग्रह किया गया कि भवन निर्माण अनुमति से संबंधित मामलों का शीघ्र समाधान निकाला जाए ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।
पूर्व पार्षद नवल भट्ट ने मांग रखी की जब तक इस पूरे प्रकरण का स्थायी निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक श्री गोपीनाथ मंदिर के समीप चल रहे निर्माण कार्यों पर किसी भी प्रकार के नोटिस जारी न किए जाएं और न ही निर्माण कार्यों को जबरन रोका जाए। बैठक में कहा गया कि स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी होने तक लोगों को राहत प्रदान की जाए, जिससे वे अनिश्चितता और प्रशासनिक बाधाओं से बच सकें।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान कर नागरिकों को राहत देगा।